8 दिवसीय निःशुल्क विदेश यात्रा पर रवाना हुए 401 यात्री
पशुपतिनाथ नेपाल यात्रा में दिव्यांग भी शामिल-श्री महाकालेश्वर के जल से करेंगे श्री पशुपतिनाथ भगवान का सामूहिक जलाभिषेक, पशुपतिनाथ का जल लेकर वापसी में सामूहिक श्री महाकालेश्वर का करेंगे जलाभिषेक 


उज्जैन। समर्थ सेवा संस्था एवं सशक्त समर्थ विकलांग सेवा समिति उज्जैन द्वारा आयोजित 8 दिवसीय श्री महाकालेश्वर से श्री पशुपतिनाथ नेपाल निःशुल्क यात्रा में 401 यात्री सोमवार को दोपहर 2 बजे गोरखपुर एक्सप्रेस से रवाना हुए। इनमें 101 दिव्यांग यात्री भी शामिल है जो बाबा महाकाल मंदिर से जल लेकर निकले हैं तथा भगवान पशुपतिनाथ का जलाभिषेक कर विश्व कल्याण की कामना करेंगे। 

संस्था के उपाध्यक्ष दीपक राजवानी ने बताया कि 8 दिवसीय यह यात्रा दिव्यांगों के लिए पूर्णतः निःशुल्क है। इसी यात्रा के साथ 300 सामान्य यात्री सपरिवार यात्रा में शामिल हुए जो कि सशुल्क यात्रा कर रहे हैं। यात्रा का उद्देश्य दिव्यांग बंधुओं को भ्रमण करवाना एवं देश के साथ साथ विदेशों में भी जाकर संस्था का उद्देश्य स्वच्छता अभियान का अलख जगाना है। राजवानी ने बताया कि संस्था द्वारा पॉलिथीन का उपयोग नहीं किया जाएगा एवं पूरे रास्ते में एवं पूरी यात्रा में स्वच्छता का संदेश देते हुए चलेंगे। संस्था के मुख्य ट्रस्टी केसरबाई माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट, श्री अनंत नारायण नागर धार्मिक ट्रस्ट, सद्भावना सामाजिक धार्मिक पोस्ट एवं जय मां सुरेश्वरी सेवा फाउंडेशन का उद्देश्य दिव्यांगों को निःशुल्क यात्रा करवाना है। इसके पूर्व भी संस्था दिव्यांगों को तीन धाम एवं तिरुपति बालाजी मां वैष्णो देवी एवं मथुरा की निःशुल्क यात्रा करवा चुकी है। यात्रा में सर्वप्रथम गोरखपुर में गोरखपुर मंदिर के दर्शन उपरांत काठमांडू के लिए रवाना होंगे वहां पर श्री महाकालेश्वर के जल से श्री पशुपतिनाथ भगवान का सामूहिक जलाभिषेक करेंगे एवं पशुपतिनाथ का जल लेकर वापसी में सामूहिक श्री महाकालेश्वर का जलाभिषेक करेंगे। श्री पशुपतिनाथ के दर्शन उपरांत काठमांडू भ्रमण एवं स्वच्छता अभियान का शहर में संदेश देंगे। रात्रि काठमांडू में विश्राम उपरांत अगले दिन पोखरा के लिए प्रस्थान करेंगे। पोखरा में भी दर्शन उपरांत पोखरा भ्रमण एवं शहर में स्वच्छता का संदेश उपरांत मुगलई में धार्मिक यात्रा दर्शन एवं पर्यावरण का संदेश देंगे एवं संस्था द्वारा काठमांडू पोखरा एवं मुगलई में विशिष्ट जगह पर एक-एक पौधा भी संस्था के अध्यक्ष श्याम माहेश्वरी एवं सचिव विट्ठल नागर के नेतृत्व में यात्रा की याददाश्त के लिए लगाया जाएगा। संरक्षक बंसीलाल नागर, गोपाल नागर, प्रकाश चित्तौड़ा, प्रदीप पांडे, शंकरलाल अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, परामर्शदाता सागरमल खटोड़, द्वारकादास नागर, अजय परिहार, अध्यक्ष श्याम माहेश्वरी, सचिव विट्ठल नागर, उपाध्यक्ष कैलाश मूंदड़ा, रामेश्वर नागर, दीपक राजवानी, सरोज अग्रवाल, सहसचिव आनंद पुरोहित, कोषाध्यक्ष रमेश चतुर्वेदी, आशीष नाटाणी, यात्रा कोषाध्यक्ष राजेंद्र शाह, राम नारायण इनानी, पीआरओ ओम पाटीदार, श्याम नागर, निरंजन माहेश्वरी, संतोष शर्मा, कुशालसिंह गौड़, विकलांग समिति के अध्यक्ष जितेंद्र मालवीय, सचिव आनंद पुरोहित, कोषाध्यक्ष विक्रम चंद्रवंशी आदि ने इस धार्मिक यात्रा को सफल बनाने की अपील बाबा महाकालेश्वर से की है। यात्रा के मुख्य संयोजक आनंद पुरोहित, दीपक राजवानी एवं ओम पाटीदार हैै।