कांग्रेस का खुद का बोझ है और आरोप हम पर लगा रहे हैं : शिवराजसिंह चौहान


भोपाल। मध्यप्रदेश में विधायक के सियासी नाटक पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह ने कहा कि ये कांग्रेस का खुद का बोझ है। उन्होंने कहा कि भाजपा खरीद-फरोख्त के पीछे नहीं है, लेकिन अगर कांग्रेस के बोझ से ही कुछ होता है तो हो जाने दो। कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि शिवराजसिंह चौहान सहित कई भाजपा नेता, कांग्रेस के विधायकों को हरियाणा ले गए थे।
शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार अपने विधायकों को ही नहीं संभाल पा रही है और भाजपा पर खरीद-फरोख्त का आरोप लगा रही है। इसके पूर्व कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने आरोप लगाया था कि कमलनाथ सरकार को गिराने के लिए शिवराज सहित भाजपा के कुछ नेता आठ विधायकों को जबरन हरियाणा की एक होटल में ले गए। दिग्विजयसिंह ने भी दावा किया था कि भाजपा मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार गिराने की साजिश कर रही है। दिग्विजयसिंह ने भाजपा नेताओं पर कांग्रेस विधायकों को २५ से ३५ करोड़ रुपए का ऑफर देने का भी आरोप लगाया था।
शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि 'पूरा प्रदेश त्राहि-त्राहि कर रहा है। किसान परेशान है, रो रहा है। गरीब, बच्चे, माताएं-बहने परेशान हैं। कांग्रेस के विधायक खुद परेशान हैं। अब मामला उनके (कांग्रेस के) घर का है। आरोप हम पर लगाते हैं। ये कौन सी बात है?Ó उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश विधानसभा में २३० सीटें हैं, जिनमें से वर्तमान में दो खाली है। इस प्रकार प्रदेश में कुल २२८ विधायक हैं, जिनमें से ११४ कांग्रेस, १०७ भाजपा, चार निर्दलीय, दो बहुजन समाज पार्टी व एक समाजवादी पार्टी का विधायक है। कांग्रेस सरकार को इन चारों निर्दलीय विधायकों के साथ बीएसपी और एसपी का भी समर्थन प्राप्त है। भाजपा भी १०७ विधायकों के साथ मजबूत विपक्ष के रूप में काबिज है।