कढ़ाव का पूजन कर उतारी आरती, रंगों से भरा, अब रंगपंचमी पर होगा कढ़ाव नहान

देवास गेट पर रंगपंचमी पर खुलेगा डांस बार, वाटर पार्क में होगी मस्ती, स्वल्पाहार की रहेगी व्यवस्था



उज्जैन। रंगपंचमी पर देवासगेट पर डांस बार खुलेगा, यहां वाटर पार्क में शहरवासी झूमकर नाचते हुए रंगों से सराबोर कढ़ाव में डुबकी लगाएंगे। जिसकी तैयारियां गुरूवार से प्रारंभ हो गई, विधिवत कढ़ाव का पूजन हुआ तथा आरती उतारकर इसमें रंग डाले गए।
संयोजक अरूण वर्मा के अनुसार गुरुवार को श्री गणेश मंदिर पशु चिकित्सालय देवास गेट पर महामंडलेश्वर शैलाषानंद गिरी महाराज, शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश सोनी, कार्यकारी अध्यक्ष विवेक यादव, प्रदेश सचिव चेतन यादव, अनंतनारायण मीणा ने कढ़ाव पूजन किया। अरुण वर्मा मित्र मंडल द्वारा इस वर्ष भी रंग पंचमी उत्सव गर्मजोशी के साथ मनाया जाएगा। यहां परंपरागत रूप से कढ़ाव होली के साथ-साथ डीजे की धुन पर थिरकते हुए रंगों की वर्षा होगी जिसमें  युवा और नगरवासी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। 14 मार्च को सुबह सूर्योदय के साथ ही रंग पंचमी का उत्साह शुरू हो जाएगा। युवा होली के व्यंजनों का भी यहां लाभ लेंगे। इस उत्सव के लिए देवास गेट क्षेत्र को अरुण वर्मा मित्र मंडल द्वारा विशेष रूप से सजाया जा रहा है।