उज्जैन शहर की अंबर कॉलोनी को कंटेंनमेंट एरिया घोषित किया


उज्जैन। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी शशांक मिश्र ने उज्जैन शहर की अम्बर कॉलोनी के मकान नंबर 16/4 पुरवैया समाज धर्मशाला के पास को एपीसेंटर घोषित करते हुए इस घर से व्यवहारिक दूरी के क्षेत्र को कंटेंनमेंट एरिया (कोरोना वायरस प्रभावित क्षेत्र) घोषित कर दिया है। क्षेत्र के समस्त घरों का सर्वे निर्धारित प्रपत्र में किया जाएगा। कलेक्टर ने साथ ही सर्विलेंस टीम गठित करते हुए एसडीएम श्री आरएन त्रिपाठी को इंसीडेंट कमांडर नियुक्त किया है। उनके साथ सीएसपी, तहसीलदार, थाना प्रभारी व निगम अधिकारियों को लगाया गया है।
कलेक्टर शशांक मिश्र द्वारा जारी आदेश अनुसार कंटेनमेंट एरिया के अन्तर्गत पूर्ण रूप से आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। कंटेनमेंट एरिया के समस्त निवासियों का होम क्वारेंटाईन में रहना उचित होगा। एरिया हेतु सीएमएचओ द्वारा विशेष आरआरपी जिसके अन्तर्गत एक फिजिशियन, एक पैथालॉजिस्ट, एपीडिमियोलॉजिस्ट, माइक्रो बायोलॉजिस्ट, डाक्यूमेंटेशन स्टाफ रखा जाना एवं मोबाइल युनिट जिसके अन्तर्गत एक मेडिकल आफिसर, एक पैरामेडिकल स्टाफ, लैब टेक्निशियन एवं डाक्यूमेंटेशन का गठन किया जायेगा। उक्त क्षेत्र के एक्जिट पाइंट पर स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा सतत स्क्रीनिंग की जायेगी। समस्त संक्रमण के पॉजीटिव केस के परिजन, निकट सम्पर्क को होम क्वारेंटाईन कराया जाना अतिआवश्यक होगा, जिससे संक्रमण को समुदाय में फैलने से रोका जा सके। आगे संक्रमण फैलने से रोकने हेतु त्वरित कार्यवाही की जायेगी। नगर निगम के झोनल अधिकारी द्वारा क्षेत्र का सेनीटाइजेशन किया जायेगा।