रामायण के जामवंत भी फंसे लॉकडाउन में, भदोही में बीता रहे दिन


भदोही। रामानंद सागर के मशहूर सीरियल रामायण में जामवंत का किरदार निभाने वाले राजशेखर उपाध्याय भी लॉकडाउन में फंस गए। उत्तर प्रदेश के भदोही में हरिहरपुर गाँव में लॉकडाउन खत्म होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। यह उनका मूल गाँव है। मार्च में वह कुछ दिनों के लिए गांव आये हुए थे। तभी लॉकडाउन की घोषणा हो गई।
रामायण में श्रीकांत उर्फ राजशेखर उपाध्याय ने जामवंत सहित कई भूमिकाएं निभाईं। फ़िल्म उद्योग के लोग उन्हें गुरुजी भी कहते हैं।
राजशेखर बताते हैं कि कोरोना का असर शूटिंग पर भी पड़ने लगा था। मार्च में वह कुछ दिनों के लिए गाँव आये हुए थे। तभी लॉकडाउन की घोषणा हो गई। राजशेखर का कहना है कि ऐसे समय जब लोगों को पूरा समय घरों में ही रहना है, रामायण शुरू करना सबसे अच्छी पहल रही है। इसी बहाने नई पीढ़ी को रामायण का ज्ञान भी हो जाएगा।
रामायण में जामवंत के रूप में उनका चेहरा किसी ने नहीं देखा परंतु जब जामवंत की भूमिका समाप्त होती है और जब श्रीराम अयोध्या लौटते हैं, तब उन्होंने श्रीधर का किरदार निभाया। श्रीधर के रूप में उनका चेहरा देखा जा सकता है। श्रीधर मुनि वशिष्ठ को राज्याभिषेक के लिए निमंत्रण देते हैं और राम के राज्याभिषेक की तैयारी करते हैं।