जिस बन्दे की बॉडी फिट है, उसकी लाईफ हिट है


उज्जैन। भारतीय हॉकी के करिश्माई जादूगर मेजर दादा ध्यानचंद के जन्म दिवस को सम्पूर्ण भारत में 29 अगस्त को खेल दिवस के रूप में आयोजित किया जाता है। इस मौके पर उज्जैन डिस्ट्रिक्ट बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन एवं स्वस्थ संसार जिम द्वारा उज्जैन की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय खेल उपलब्धि पर सम्मानित किया गया।
अन्तर्राष्ट्रीय निर्णायक प्रेमसिंह यादव के मुख्य आतिथ्य तथा राज्य शरीर सौष्ठव संस्था, मध्यप्रदेश के नवनियुक्त अध्यक्ष पूर्व मिस्टर इंडिया जितेंद्रसिंह कुशवाह ने अध्यक्षता की। विशेष अतिथि इंजीनियर गजेन्द्र मेहता थे। कोरोना संक्रमण के चलते सादगी पूर्वक आयोजन तरणताल स्थित व्यायाम केंद्र स्वस्थ संसार में संपन्न हुआ। नारी शक्ति के रूप में ओपन नेशनल कुश्ती की पदक विजेता सोनम खान, मिस्टर वेस्टर्न इंडिया विकास मालवीय, खेलो इंडिया कुश्ती स्पर्धा के कांस्य पदक विजेता गौतम खत्री, नेशनल पॉवर लिफ्टिंग चैंपियनशिप के पदक विजेता ध्रुव नाईक ’’दादा ध्यानचंद स्मृति विशिष्ट खेल अलंकरण से नवाजा’’ गया। आयोजन का खेलमयी संचालन शैलेन्द्र व्यास, स्वामी मुस्कुराके ने किया। इस अवसर पर प्रेमसिंह यादव ने कहा कि ’’जिस बन्दे कि बॉडी में दम है उसकी बॉडी फिट है’। अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि ’’सच्चा खिलाड़ी सदैव मैदान से जुड़ा रहकर मेहनत के पसीने से खेल मैदान पर प्रगति के पुष्प पल्लवित करता है’’। आभार राजेश भारती ने व्यक्त किया। अतिथि स्वागत सुरेन्द्र मालवीय, अनिल चावंड ने किया।