सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूँजा अवंतिका के युवराज का दरबार

त्रिनेत्र नृत्य अकादमी के बच्चों ने नृत्यनाटिका के जरिये की गणपति वंदना- झांसी की रानी नाट्य मंचन ने मोहा दर्शकों का मन
उज्जैन। सामाजिक न्याय परिसर में आयोजित किये जा रहे अवंतिका के युवराज गणेशोत्सव के 7वें दिन रविवार को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की गूंज रही। विभिन्न नृत्य अकादमी के कलाकारों ने यहाँ नृत्यनाटिका के जरिये गणपति आराधना की। ऐसे में अवंतिका के युवराज के दरबार में भक्ति रस की बरसात होती रही।
श्री महाकालेश्वर चिंतामण गणेश उत्सव समिति द्वारा आयोजित 10 दिवसीय गणेशोत्सव के 7वें दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संगम दिखा। इस दौरान त्रिनेत्र नृत्य अकादमी, प्रतिकल्पा, नृत्य सिद्धा नृत्य कला अकादमी के बच्चों ने शानदार नृत्य नाटिका की प्रस्तुति देकर न केवल अपनी नृत्य कला का प्रदर्शन किया बल्कि अवंतिका के युवराज के दरबार को धर्म रस में डुबोये रहे। अवंतिका के युवराज ग्रुप के कलाकारों ने नृत्य नाटिका के साथ ही झांसी की रानी नाटक का मंचन कर पांडाल को वीररस से सराबोर कर दिया। त्रिनेत्र नृत्य अकादमी की मयूरी सक्सेना, नृत्य सिद्धा अकादमी की ऋतु शर्मा शुक्ला, अवंतिका के युवराज ग्रुप के सिद्दू भाई सहित अन्य प्रमुखों का समिति द्वारा मंच बुलाकर स्वागत कर अभिनंदन किया गया।
इससे पहले अवंतिका के युवराज की महाआरती की गई। रविवार को हुई महाआरती में भाजपा नगर अध्यक्ष विवेक जोशी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम बंसल, भाजपा के मीडिया प्रभारी सचिन सक्सेना, भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष इकबाल सिंह गांधी ने पंडित सुनील शुक्ल के आचार्यत्व में भगवान अवंतिका के युवराज का पूजन कर महाआरती की। श्री महाकालेश्वर चिंतामण गणेश उत्सव समिति के सदस्यों ने  अतिथियों का स्वागत किया। रात 11 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नाट्य मंचन के शानदार आयोजन का सैकड़ों की संख्या में भगवान अवंतिका के युवराज के भक्तों ने आनंद लिया।