चांदनी रात में अमृत वर्षा के साथ हुआ दमा रोग का उपचार

उज्जैन। शरद पूर्णिमा की चांदनी रात में अमृत वर्षा के साथ ही शहर में कई स्थानों पर दमा रोग का उपचार किया गया। शहरभर में हजारों मरीजों ने दमा औषधियुक्त खीर का सेवन किया।

इंदिरा नगर सहयोग मित्र मंडल द्वारा डॉ. प्रकाश जोशी के सौजन्य से 24वाँ नि:शुल्क चिकित्सा का आयोजन किया गया। इस चिकित्सा शिविर में मध्य प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र एवं मालवा प्रांत से कई लोग आए थे। सभी ने शरद पूर्णिमा के अवसर पर रात्रि जागरण कर प्रात: औषधि युक्त खीर का सेवन किया। लगभग 1200 रोगियों द्वारा प्रात: औषधि युक्त खीर का सेवन किया गया। औषधि सेवन के पश्चात पाचन हेतु सभी रोगी लगभग 100 से 500 मीटर पैदल चले। तत्पश्चात प्रात: 6 बजे से कर्ण वेधन किया गया। इस चिकित्सा शिविर को सफल बनाने के लिए आयुर्वेद महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं तथा पीजी विभाग के रचना शारीर, द्रव्य गुण तथा कायचिकित्सा विभाग के पीजी छात्रों द्वारा सराहनीय सहयोग किया गया। साथ ही डॉ. योगेश वाणे विभाग अध्यक्ष रचना शारीर, डॉक्टर निरंजन सर्राफ, डॉक्टर प्रियेश दीक्षित द्वारा चिकित्सा सेवाएं दी गई। चिकित्सा शिविर को सफल बनाने के लिए अवनीश नागर, देवेंद्र मेहता, चेतन नागर, ललित कुमार नागर, श्रीमती प्रतिमा जोशी, श्रीमती वंदना नागर, यदु बंसल, मनोज बंसल, हरिओम राय, शिवप्रसाद राय, लकी राय आदि का सराहनीय सहयोग रहा।