बेलगाम और बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन २४ को

जिला मुख्यालय पर कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर राज्यपाल के नाम सौपेंगे ज्ञापन



उज्जैन। प्रदेश में अपराध चरम पर है, चहुं और अराजकता व्याप्त है। अधिकारी स्वयं कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भांति आचरण कर रहे हैं। तिरंगा हाथ मे लिए शांति पूर्ण प्रदर्शन करने वालों के साथ बर्बरता पूर्ण व्यवहार किया जा रहा है, माफिया विरोधी अभियान के तहत गरीब और मज़लूमों को बेघर किया जा रहा है, उनके रोजगार समाप्त किए जा रहे हैं। ऐसे ही अनेक मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी २४ जनवरी को कोठी स्थित कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेगी।
ये बात भाजपा जिलाध्यक्षद्वय विवेक जोशी एवं बहादुर सिंह बोरमुंडला ने कही। मीडिया प्रभारी सचिन सक्सेना के अनुसार प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में भारतीय जनता पार्टी शुक्रवार को प्रदेश व्यापी आंदोलन करेगी, जिसके अंतर्गत सभी जिला मुख्यालयों पर हजारों की संख्या में एकत्रित होकर भाजपा कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे एवं जिलाधीश को राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपेंगे। इसी तारतम्य में भाजपा उज्जैन नगर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में इंदौर विधायक रमेश मेन्दोला की अगुवाई में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे सिंहस्थ मेला कार्यालय के सामने एकत्रित हो, जिलाधीश कार्यालय का घेराव करेंगे, जिसमें प्रमुख रूप से सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक पारस जैन, डॉ. मोहन यादव, बहादुर सिंह चौहान, महापौर मीना जोनवाल शामिल होंगे। जिलाध्यक्षद्वय विवेक जोशी एवं बहादुर सिंह बोरमुंडला ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि ये धर्म युद्ध है, जहां एक और सत्ता के नशे में मदमस्त ये तानाशाह सरकार और उसकी शह पर कार्य करने वाला ये दमनकारी शासकीय तंत्र हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश की जनता की आवाज़ बुलंद करता और राष्ट्रवाद की अलख जगाता हुआ भारतीय जनता पार्टी का समर्पित एवं निष्ठावान कार्यकर्ता है। अध्यक्षद्वय ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि देश के हृदय स्थल में इस प्रकार का अन्याय एवं अनैतिकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।