दूरदर्शन पर कल से यह भी गूंजेगा 'मैं समय हूँ'


नई दिल्ली। एक जमाना था जब टीवी पर रामायण और महाभारत आती थी तो देशभर के शहरों में कर्फ्यू जैसी स्थिति बन जाती थी। अब कर्फ्यू के दौरान लोगों को फिर से घर में बैठाने के लिए रामायण शुरू करने की घोषणा के बाद अब महाभारत का भी प्रसारण शुरू करने की घोषणा की गई।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ऐलान किया कि जनता की मांग पर शनिवार 28 मार्च से महाभारत का प्रसारण फिर से डीडी भारती पर शुरू होगा। उन्होंने कहा कि इसका प्रसारण दिन में दो बार यानी दोपहर 12 बजे और शाम सात बजे होगा।
उल्लेखनीय है कि लॉकडाउन के कारण लोगों को घरों में ही रहने के लिए कहा गया है। घरों में कुछ मनोरंजन हो जाए, इस वजह से बरसों पुराने धार्मिक सीरियल रामायण और महाभारत दूरदर्शन पर फिर से शुरू किया जा रहा है।
आपको बताते चलें कि इसके पहले प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट कर बताया था कि जनता की मांग पर शनिवार 28 मार्च से रामायण का प्रसारण फिर से दूरदर्शन के नेशनल चैनल पर शुरू होगा। उन्होंने कहा कि पहला एपिसोड सुबह 9 बजे और दूसरा एपिसोड रात 9 बजे होगा।
जनता की मांग पर कल शनिवार 28 मार्च से रामायण का प्रसारण पुन: दूरदर्शन के नेशनल चैनल पर शुरू होगा। पहला एपिसोड सुबह 9 बजे और दूसरा एपिसोड रात 9 बजे होगा। रामानंद सागर कृत रामायण का प्रसारण साल 1987 में पहली बार और बीआर चोपड़ा की महाभारत का प्रसारण साल 1988 में पहली बार दूरदर्शन पर हुआ था।