बारिश के डर से दसों सिर पर छाता लगाकर श्रीराम से युद्ध करेगा रावण


उज्जैन। उज्जैन में दशहरा महोत्सव का प्रथम बीड़ा उठाने वाले स्व. लाला अमरनाथ की स्मृति को अक्षुण्ण बनाने का पारम्परिक निर्वहन, इस वर्ष संस्थापक सदस्य एवं संरक्षक रहे, देश के प्रख्यात व्यंग्यकार डा. शिव शर्मा को समर्पित होगा। दशहरा महोत्सव 8 अक्टूबर को सायं 7 बजे दशहरा मैदान, उज्जैन पर आयोजित किया जा रहा है।
56वाँ दशहरा महोत्सव 101 फुट ऊँचे रावण के भव्य पुतले का निर्माण, स्थानीय दशहरा मैदान में किया गया है। रावण की पारम्परिक वेशभूषा उसके स्वरूप को भव्य बनायेगी, वहीं इस वर्ष लगातार हो रही बारिश से विचलित रावण अपने दसों मुँह को छाता लगाकर ढकेगा जो कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहेगा।
दशहरा महोत्सव समिति के अध्यक्ष एवं अपने पिता के संकल्प को पूरा करने के लिये वचनबद्ध ओमप्रकाश खत्री ने अपनी अनौपचारिक पत्रकार वार्ता में बताया कि विगत 56 वर्षों से स्थानीय दशहरा मैदान में स्वर्गीय लाला अमरनाथ द्वारा उज्जैनवासियों के लिये बुराई पर अच्छाई की विजय स्वरुप दशहरा मैदान में दशहरा महोत्सव मनाने का संकल्प लिया था जिसे उनकी तीसरी पीड़ी पूर्ण भव्यता के साथ पूर्ण करने जा रही है।
आयोजन समिति के सचिव शिवा खत्री ने बताया कि प्रतिवर्ष रावण के स्वरुप में इस वर्ष का आकर्षण रावण का छाता रहेगा। वहीं पारम्परिक एवं आधुनिक आतिशबाजी बच्चों के लिये विशेष आकर्षण का केन्द्र रहेंगे। नगर की प्राचीन परम्परा के तहत भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी श्रावणमास के बाद नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई दशहरा मैदान पहुँचेगी वहाँ नगर के जिलाधीश श्री शशांक मिश्र सवारी का पूजन अर्चन करेंगे। वहीं रावण से युद्ध करने प्रतीक स्वरुप भगवान श्री राम, लक्ष्मण, एवं हनुमानजी की भव्य सवारी का स्थानीय दशहरा मैदान पहुँचने पर जिलाधीश शशांक मिश्र, पुलिस अधीक्षक सचिन अतुलकर द्वारा पूजन अर्चन कर दशहरा महोत्सव का शुभारम्भ करेंगे। पुलिस अधीक्षक सचिन अतुलकर कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण आतिशबाजी का शुभारम्भ करेंगे। आतिशबाजी के मुख्य कलाकार भय्यूखान (देवास), सीताराम (ग्वालियर) एवं इन्दौर के अन्य सुप्रसिद्ध कलाकारों द्वारा निर्मित विभिन्न गगनचुंभी अतिशबाजी बच्चों, बड़ों को आकर्षित करेगी।
दशहरा महोत्सव के समन्वयक डॉ. प्रकाश रघुवंशी ने बताया कि कार्यक्रम में अतिथि के रुप में राज्य सभा सांसद डॉ. सत्यनारायण जटिया, सांसद अनिल फिरोजिया, पूर्व विधायक डॉ. बटुकशंकर जोशी, विधायक पारस जैन, विधायक डॉ.मोहन यादव, विधायक महेश परमार, शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश सोनी, नगर भाजपा अध्यक्ष विवेक जोशी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कमल पटेल, पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती, निगम महापौर श्रीमती मीना जोनवाल, निगम अध्यक्ष सोनू गेहलोत एवं निगम पार्षद राजेन्द्र वशिष्ठ रहेंगे। विशेष अतिथि के तौर पर संभागायुक्त श्री अजीत कुमार, आई.जी. राकेश गुप्ता रहेंगे। कार्यक्रम के सूत्रधार देश के प्रख्यात व्यंग्यकार पिलकेन्द्र अरोरा, डॉ. अनामिका शर्मा एवं डॉ. हरीशकुमार सिंह रहेंगे। कार्यक्रम में नगर के गायक ज्वलंत शर्मा व अमित शर्मा के दल द्वारा भजन संगीत की प्रस्तुति दी जायेगी। दशहरा महोत्सव समिति के मनीष शर्मा, अशोक खत्री, विनोद चौपड़ा, कोमल खत्री, अनिल नारंग, सुरेन्द्र एस. अरोरा, कुतुब फातेमी, अश्विन खत्री, अमित खत्री, अमरनाथ सुगंधी, विकास जायसवाल, रिन्टू बग्गा, रोबिन चौपड़ा, निखलेश नारंग, जनार्दन पांडे, विशाल चौरसिया, धीरज पटेल आदि ने नगरवासियों से दशहरा महोत्सव में ज्यादा से ज्यादा तादात में उपस्थिति रहकर इस पारम्परिक महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।